Chhattisgarh

अंगदान और देहदान जागरूकता में ‘प्रोजेक्ट दधीचि’ की बड़ी उपलब्धि

Share

रायपुर द्वारा संचालित अभिनव पहल ‘प्रोजेक्ट दधीचि’ को अंगदान और देहदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया है। राज्यपाल रमेन डेका ने इस परियोजना के सफल संचालन और समाज में जनजागरूकता फैलाने के लिए रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर अंगदान और देहदान करने वाले दानदाताओं को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। राज्यपाल ने अंगदान को महादान बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से न केवल किसी व्यक्ति का जीवन बचाया जा सकता है, बल्कि जरूरतमंद लोगों को नया जीवन और नई उम्मीद भी दी जा सकती है। उन्होंने समाज में अंगदान के प्रति अधिक जागरूकता फैलाने की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने देहदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह चिकित्सा शिक्षा और शोध के लिए अत्यंत उपयोगी है, जिससे मेडिकल छात्रों को मानव शरीर की संरचना और उपचार प्रक्रियाओं को समझने में सहायता मिलती है। यह प्रोजेक्ट मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन और रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देशन में संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य लोगों को अंगदान और देहदान के लिए प्रेरित करना है। जिला प्रशासन के अनुसार, अब तक 86 लोगों ने इस पहल के तहत संकल्प लिया है, जिनमें 65 लोगों ने देहदान और 21 लोगों ने अंगदान का संकल्प लिया है। यह पहल समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ-साथ चिकित्सा शिक्षा और मानव सेवा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button