कांकेर में नक्सली डम्प से 580 मीटर लाल कपड़े बरामद

कांकेर। कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गट्टाकाल-गोमे के जंगल-पहाड़ी इलाके में आईजी बस्तर रेंज सुन्दरराज पी., डीआईजी बीएसएफ दीपक तिवारी, पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा एवं 40वीं वाहिनी बीएसएफ के सेनानी रणधीर सिंह गिल के निर्देश में चलाए जा रहे संयुक्त अभियान के दौरान शुक्रवार काे पुलिस, डीआरजी, बीएसएफ और बीडीएस टीम ने सघन सर्चिंग करते हुए नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया एक नक्सल डम्प बरामद किया गया है।
कांकेर पुलिस से मिली जनकारी के अनुसार सुरक्षाबलों ने बीडीएस टीम की मदद से सावधानी पूर्वक जांच के बाद बरामद नक्सली डम्प को खोला गया। जहां से 29 लाल कपड़े के पैकेट बरामद हुए, जिनकी कुल लंबाई लगभग 580 मीटर बताई गई है। इसके अलावा काले रंग के कपड़े भी जब्त किए गए। बरामद सामग्री को सुरक्षाबलों ने सुरक्षित कब्जे में लेकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। नक्सल प्रभावित रहे सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार सुरक्षाबलों के द्वारा संयुक्त सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए सर्चिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।







