ChhattisgarhRegion

कृषि उपज मंडी में मूलभूत सुविधाओं का अभाव, व्यापारियों ने जताई नाराजगी

Share


राजनांदगांव।
कृषि उपज मंडी स्थित सब्जी मंडी, फ्रूट मंडी एवं अनाज मंडी में मूलभूत सुविधाओं की बदहाल स्थिति को लेकर व्यापारियों एवं संबंधित लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। मंडी परिसर में पानी, बिजली, सड़क, शेड एवं सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है, जिससे व्यापारियों, किसानों, मजदूरों तथा आम जनता को प्रतिदिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
व्यापारियों ने बताया कि मंडी परिसर में पर्याप्त पेयजल व्यवस्था नहीं होने से गर्मी के मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है। वहीं बिजली व्यवस्था भी लगातार प्रभावित रहने से कारोबार पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। रात के समय सुरक्षा व्यवस्था लगभग न के बराबर होने से चोरी एवं अन्य अप्रिय घटनाओं की आशंका बनी रहती है। मंडी से जुड़े लोगों का कहना है कि प्रतिदिन हजारों की संख्या में आम नागरिक, कृषक, मजदूर, व्यापारी, परिवहनकर्ता एवं कर्मचारी यहां कार्यरत रहते हैं, इसके बावजूद मूलभूत सुविधाओं की ओर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है। व्यापारियों ने मंडी प्रशासन एवं संबंधित विभाग से शीघ्र आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की है।
फ्रूट एवं सब्जी मंडी के व्यापारियों ने मंडी प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए त्रिनेत्र कैमरों की संख्या बढ़ाने तथा उनका प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि इससे चोरी एवं अन्य असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। इसके अलावा सब्जी मंडी में प्रतिदिन लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए दोनों तरफ के प्रवेश एवं निकास द्वारों को नियमित रूप से चालू रखने की मांग भी की गई है, जिससे वाहनों एवं आम नागरिकों का आवागमन सुगम हो सके।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button