Chhattisgarh

दीपक बैज का भाजपा सरकार पर हमला विश्रामपुर मामले में पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल

Share

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने विश्रामपुर मामले को लेकर भाजपा सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि 25 से 27 मई तक सूरजपुर जिले के विश्रामपुर थाने के सामने कांग्रेस को धरना-प्रदर्शन इसलिए करना पड़ा क्योंकि सरकार जानबूझकर शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव को रोककर राजनीतिक दबाव बना रही थी। बैज ने आरोप लगाया कि कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष और उनकी पत्नी के साथ भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने दुर्व्यवहार किया, जबकि भाजपा जिलाध्यक्ष के कहने पर कांग्रेस नेता के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत एकतरफा एफआईआर दर्ज कर दी गई। उन्होंने कहा कि पुलिस के पास कोई ठोस सबूत नहीं है और विरोध के बावजूद प्रशासन ने शुरुआत में कोई पहल नहीं की, जिसके बाद कांग्रेस नेताओं को आमरण अनशन करना पड़ा। बैज के अनुसार धरना और अनशन के दबाव के बाद देर रात भाजयुमो कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। इस दौरान उन्होंने अपने मोबाइल चोरी मामले को लेकर भी सरकार और पुलिस पर सवाल उठाते हुए कहा कि अन्य नेताओं के मामलों में त्वरित कार्रवाई हुई, लेकिन उनका मोबाइल अब तक बरामद नहीं किया गया। बैज ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार केवल भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए काम कर रही है, जबकि आम जनता और विपक्ष की समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में लूट, चोरी, गोलीबारी और चाकूबाजी जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और जनता खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही। साथ ही उन्होंने भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो पर तहसीलदार के साथ मारपीट का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री से इस मामले में कार्रवाई की मांग भी की।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button