सद्दानी चौक से कोतवाली चौक तक मार्ग का नामकरण स्व.ओमप्रकाश पुजारी के नाम पर करने के प्रस्ताव को एमआईसी की मंजूरी

रायपुर। नगर निगम रायपुर की बुधवार को हुई एमआईसी की बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। उन्ही में एक शहर के प्रमुख मार्ग सद्दानी चौक से कोतवाली चौक तक मार्ग का नामकरण स्व.ओमप्रकाश पुजारी के नाम पर करने के प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए बैठक में अनुशंसा पश्चात विभागीय स्वीकृति के लिए भेजने के साथ निगम की आगामी सामान्य सभा की बैठक में रखने निर्देशित किया गया है। बता दें गौड़ ब्राम्हण समाज महिला इकाई की अध्यक्षा श्रीमती प्रतिभा ओमप्रकाश पुजारी ने रायपुर नगर निगम संस्कृति विभाग के समक्ष उक्त मांग प्रेषित किया था।
स्व.पुजारी के परिवार का इसी क्षेत्र में स्थानीय निवास है,पुजारी परिवार व प्राचीनत्तम जगन्नाथ मंदिर की अपनी अलग पहचान भी है। वहीं छात्र राजनीति से सक्रिय स्व.ओमप्रकाश पुजारी राजनीति में विहिप व भाजयुमो में रहते हुए बेजोड़ संगठन क्षमता के चलते भाजपा में भी विभिन्न पदों पर रहे। कट्टर हिंदुत्व का चेहरा होने से वे आरएसएस के भी मजबूत स्वंय सेवक की पहचान रखते थे। स्व.पुजारी रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल के बाल सखा थे। समाजसेवा के क्षेत्र में भी वे काफी कार्य करते रहे।







