जतरा कार्यक्रम का प्रसाद ग्रहण करने वाले 17 ग्रामीण फूड पॉइजनिंग के हुए शिकार

कोंडागांव। जिले के माकड़ी के ग्राम ताम्रावंड में जतरा कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना की गई और श्रद्धालुओं के बीच रविवार रात्री में प्रसाद एवं भोजन वितरित किया गया।
बताया जा रहा है कि प्रसाद और भोजन ग्रहण करने के बाद रविवार को गांव के लोगों की तबीयत अचानक बिगडऩे लगी। लोगों को उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने लगी, जिससे गांव में हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के अनुसार 17 मरीजों को तत्काल माकड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जिनमें से 9 गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल कोण्डागांव रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलते ही मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय कोण्डागांव के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव के लिए रवाना हो गई है। स्वास्थ्य अमला प्रभावित ग्रामीणों की जांच और उपचार में जुटा है। प्रशासन मामले की गंभीरता को देखते हुए लगातार निगरानी कर रहा है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मकड़ी डॉ. भौमिक ने बताया को प्रसाद और भोजन ग्रहण करने के बाद गांव के करीब 17 ग्रामीणों की तबीयत अचानक बिगडऩे लगी। डायरिया वोमिटिंग और डिहाइड्रेशन की समस्या के साथ मेरे पास आए थे। उनका उपचार किया गया, जिसमें से 9 लोगों की स्थिति ज्यादा गंभीर थी, उनको पहले प्राथमिक उपचार देते हुए उनका इलाज किया गया, यह थोड़ा ठीक होने पर तत्काल कोंडागांव रेफर किया गया और बाकी लोगों का उपचार जारी है।







