ChhattisgarhRegion

मंत्री राजवाड़े की तत्पर पहल से सिलफिली मंडी को मिली ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग और सार्वजनिक शौचालय की सुविधा

Share

रायपुर। आमजन की सुविधाओं और स्थानीय व्यापारियों की समस्याओं के त्वरित निराकरण को लेकर महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री एवं भटगांव विधायक श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उनके निर्देश पर सिलफिली सब्जी मंडी में वर्षों से लंबित ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग की समस्या का स्थायी समाधान कर दिया गया है, जिससे क्षेत्र के व्यापारियों और नागरिकों को बड़ी राहत मिली है।
गौरतलब है कि 10 मई को मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने सिलफिली सब्जी मंडी का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान स्थानीय नागरिकों और दुकानदारों ने उन्हें ट्रांसफार्मर की अनुचित स्थिति, आवागमन में हो रही परेशानी तथा सार्वजनिक शौचालय के संचालन संबंधी समस्याओं से अवगत कराया था। मंत्री ने मौके पर ही समस्या का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
सिलफिली सब्जी मंडी परिसर में ट्रांसफार्मर लंबे समय से ऐसे स्थान पर स्थापित था, जहां व्यापारियों, ग्राहकों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी के साथ सुरक्षा संबंधी जोखिम का सामना करना पड़ता था। मंत्री श्रीमती राजवाड़े के निर्देश के बाद बिजली विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रांसफार्मर को सुरक्षित और उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया। इससे मंडी परिसर में आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित हो गया है तथा व्यापारिक गतिविधियों को भी सुविधा मिली है।
इसी क्रम में मंत्री श्रीमती राजवाड़े की पहल पर मंडी क्षेत्र में स्थित सार्वजनिक शौचालय को भी व्यवस्थित रूप से संचालित कराया गया। इससे व्यापारियों, महिलाओं एवं आम नागरिकों को स्वच्छ और सुविधाजनक मूलभूत सुविधा उपलब्ध हो सकी है। स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने इस पहल को जनहित में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के प्रति उनकी संवेदनशीलता और त्वरित निर्णय लेने की कार्यशैली से क्षेत्रवासियों को प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button