ChhattisgarhRegion

नक्सल मुक्त होने से अबूझमाड़ के कारकाबेड़ा में खुला स्कूल

Share

नारायणपुर। जिले का अबूझमाड़ क्षेत्र नक्सल मुक्त होने से अबूझमाड़ के अति दूरस्थ क्षेत्र कोड़ेनार में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। शिविर के दौरान ग्राम कारकाबेड़ा के ग्रामीणों ने गांव में स्कूल खोलने की मांग करते हुए आवेदन प्रस्तुत किया था। इस पर कलेक्टर नम्रता जैन ने तत्परता दिखाते हुए जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार पटेल को तत्काल स्कूल खोलने के निर्देश दिए।
कलेक्टर के निर्देश और जिला शिक्षा अधिकारी के मार्गदर्शन में सबसे पहले संकुल समन्वयक एवं शिक्षकों की टीम द्वारा ग्राम कारकाबेड़ा का सर्वे कराया गया। सर्वे के दौरान गांव में 20 बच्चे पढ़ाई के योग्य पाए गए। इसके बाद कलेक्टर के पुन: निर्देश पर खंड शिक्षा अधिकारी संतुराम नूरेटी, खंड स्रोत समन्वयक लक्ष्मीकांत सिंह, संकुल समन्वयक कारूराम नूरेटी, सरपंच रामूराम वड्डे तथा शिक्षकों की टीम ने अति दूरस्थ कारकाबेड़ा पहुंचकर नवीन प्राथमिक शाला का शुभारंभ किया।
स्कूल प्रारंभ होने के साथ ही बच्चों को नि:शुल्क गणवेश, पाठ्यपुस्तक, स्लेट, पेंसिल, श्यामपट्ट सहित अन्य शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई गई। स्कूल खुलने से बच्चों और ग्रामीणों में काफी उत्साह देखने को मिला। वर्तमान में इस स्कूल में गांव के 20 बच्चों को शिक्षा दी जाएगी, जिसके लिए जिला प्रशासन द्वारा एक अतिथि शिक्षक की भी व्यवस्था की गई है। भविष्य में आस-पास के गांवों जैसे मरकूड़ के बच्चे भी इस स्कूल का लाभ उठा सकेंगे। आजादी के बाद पहली बार ग्राम कारकाबेड़ा में स्कूल की शुरुआत हुई है। जिला प्रशासन की यह पहल निश्चित रूप से क्षेत्र में शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण और मील का पत्थर साबित होगी।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button