आपसी रंजिश के चलते 20- 25 हमलावरों ने की एक युवक की हत्या

दुर्ग। बीती रात राजीव नगर क्षेत्र में आपसी रंजिश के चलते 20 से 25 हमलावरों ने एक युवक पर हमला कर हत्या कर दी। घटना में बीच-बचाव करने आए उसके परिजनों पर भी हमला किया गया। इससे दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, घटना कोतवाली थाने के राजीव नगर में केजू राइस मिल के पास रात 1 बजे हुई। बताया जा रहा है कि 20 वर्षीय जितेश ठाकुर खाना खाने के बाद अपने घर के पास टहल रहा था, तभी घात लगाए बैठे 20 से 25 अज्ञात हमलावरों ने अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने धारदार हथियार, लाठी और सब्बल से हमला कर जितेश ठाकुर की हत्या कर दी।
शोर शराबा सुनकर मृतक का बड़ा भाई राहुल ठाकुर और चाचा के बेटे नेहरू ठाकुर बीच-बचाव करने पहुंचे तो हमलावरों ने उन पर भी सब्बल, लाठी और चाकू से हमला कर दिया, इससे वे दोनों भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को गंभीर अवस्था में रायपुर और दुर्ग के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना को आपसी रंजिश के चलते अंजाम दिया गया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इस मामले में अब तक 8 लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि हमलावरों की पहचान कर जल्द से जल्द सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जा सके।








