लीड 36गढ़ की सफलता पर अनूप अग्रवाल सम्मानित, वंचित युवाओं को मिली नई पहचान

लीड 36गढ़ सम्मान समारोह के तहत बलवीर सिंह जुनैजा इंडोर स्टेडियम में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम में “लीड 36गढ़” पहल की सफलता और वंचित वर्ग के युवाओं को प्रशासनिक सेवाओं तक पहुंचाने में अहम योगदान के लिए अनूप अग्रवाल को सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता रिचा शर्मा ने की, जबकि कलेक्टर गौरव सिंह और सीईओ कुमार विश्वरंजन विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में वक्ताओं ने “लीड 36गढ़” को एक प्रेरणादायी पहल बताया, जिसके माध्यम से ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि के छात्रों को निःशुल्क सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कराई जाती है और उन्हें प्रशासनिक सेवाओं में आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। इस अवसर पर बताया गया कि इस वर्ष इस कार्यक्रम से जुड़े कई विद्यार्थियों ने डिप्टी कलेक्टर, डीएसपी सहित विभिन्न प्रतिष्ठित पदों पर चयन हासिल किया है, जिससे यह मॉडल सामाजिक समावेशन और नेतृत्व निर्माण की दिशा में एक सफल उदाहरण बनकर उभरा है।







