भोपाल होटल विवाद: कपल मिलने पर हंगामा, पुलिस कर रही जांच

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के गोविंदपुरा थाना क्षेत्र स्थित गौतम नगर इलाके के एक होटल में एक युवक और युवती के रुकने को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। जानकारी के अनुसार, युवक आरिफ खान जहांगीराबाद का रहने वाला है, जबकि युवती अयोध्या नगर की निवासी बताई जा रही है। दोनों के होटल में चेक-इन करने के बाद कुछ लोगों ने मौके पर पहुंचकर मामले को लेकर आपत्ति जताई और हंगामा किया। इसके बाद युवक के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार की घटना सामने आई, जबकि युवती ने पुलिस के सामने बयान दिया कि वह पिछले कई वर्षों से युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही है और निजी कारणों से दोनों ने होटल में रुकने का फैसला किया था। पुलिस ने दोनों को थाने लाकर पूछताछ की, जहां युवती ने किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि युवक के खिलाफ पहले से कुछ मामलों की जानकारी है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।







