ChhattisgarhRegion

बिलासपुर मंडल के सभी यात्री टिकट सुविधा केंद्रों (वाईटीएसके) पर जीयूआई-पीआरएस प्रणाली की स्थापना 

Share


बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल द्वारा यात्रियों को आधुनिक, तेज एवं सुगम टिकटिंग सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए मंडल के सभी यात्री टिकट सुविधा केंद्रों (वाईटीएसके) में जीयूआई-पीआरएस (ग्राफिकल यूजर इंटरफेस आधारित पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम) प्रणाली की सफल स्थापना कर दी गई है।
भारतीय रेल द्वारा डिजिटल सेवाओं के विस्तार एवं यात्री सुविधाओं के आधुनिकीकरण के तहत लागू की गई यह नई प्रणाली आरक्षण टिकट बुकिंग प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी एवं उपयोगकर्ता-अनुकूल बना रही है। जीयूआई आधारित यह आधुनिक प्रणाली पारंपरिक टेक्स्ट आधारित इंटरफेस की तुलना में अधिक सहज एवं तेज है, जिससे टिकट बुकिंग की प्रक्रिया पहले की अपेक्षा अधिक सुविधाजनक एवं प्रभावी हो गई है।
नई प्रणाली के माध्यम से वाईटीएसके संचालकों को टिकट जारी करने, यात्री विवरण दर्ज करने तथा विभिन्न आरक्षण संबंधी सेवाओं के संचालन में आसानी हो रही है, वहीं यात्रियों को भी कम समय में बेहतर एवं त्रुटिरहित सेवा प्राप्त हो रही है। इसके लागू होने से मंडल के सभी वाईटीएसके केंद्रों पर आरक्षित टिकटों की बुकिंग अधिक त्वरित, व्यवस्थित एवं सुचारु रूप से की जा रही है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह ने बताया कि बिलासपुर मंडल यात्रियों को आधुनिक एवं डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु निरंतर कार्य कर रहा है। सभी वाईटीएसके केंद्रों पर जीयूआई-पीआरएस प्रणाली लागू होने से टिकटिंग व्यवस्था अधिक सरल, तेज एवं पारदर्शी बनी है। इससे यात्रियों को बेहतर सेवा अनुभव प्राप्त होगा तथा आरक्षण प्रक्रिया और अधिक सुविधाजनक बनेगी। आने वाले समय में भी मंडल द्वारा यात्री सुविधाओं के उन्नयन हेतु निरंतर प्रयास किए जाते रहेंगे।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button