ChhattisgarhPoliticsRegion

कांकेर-नारायणपुर IED ब्लास्ट: शहीद जवानों को श्रद्धांजलि, नक्सलमुक्त छत्तीसगढ़ का दावा झूठा,सरकार जवाब दे – मिश्रा

Share

रायपुर।कांकेर-नारायणपुर बॉर्डर पर हुए दर्दनाक IED विस्फोट में 4 जवानों की शहादत पर आम आदमी पार्टी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। पार्टी के प्रदेश कार्यकारिणी अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा ने इस घटना को नक्सलियों की कायराना हरकत बताते हुए कहा कि यह केवल सुरक्षा बलों पर हमला नहीं, बल्कि पूरे देश की सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती है।
अभिषेक मिश्रा ने कहा कि जवानों का यह बलिदान व्यर्थ नहीं जाना चाहिए, लेकिन बार-बार इस तरह की घटनाएं यह साबित करती हैं कि सरकार की नक्सल नीति और जमीनी रणनीति में गंभीर खामियां हैं। केवल बड़े-बड़े दावे और आंकड़ों के सहारे नक्सलवाद खत्म नहीं किया जा सकता।
उन्होंने सरकार से तीखे सवाल पूछते हुए कहा कि जब क्षेत्र में लगातार सर्च ऑपरेशन चल रहे हैं, तो नक्सलियों द्वारा इतनी बड़ी मात्रा में IED प्लांट करना सुरक्षा चूक को दर्शाता है। आखिर खुफिया तंत्र कहां था? जवानों की सुरक्षा के लिए आधुनिक तकनीक और संसाधनों का उपयोग क्यों नहीं किया जा रहा है?
अभिषेक मिश्रा ने कहा कि राज्य सरकार को अब केवल बयानबाजी छोड़कर ठोस कदम उठाने होंगे, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि पूरा प्रदेश उनके परिवारों के साथ खड़ा है और उनके बलिदान को कभी भुलाया नहीं जाएगा।
अभिषेक मिश्रा ने सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि केवल नक्सलवाद के समाप्त होने के दावे करने से स्थिति नहीं सुधरेगी, बल्कि जमीनी स्तर पर ठोस और प्रभावी रणनीति अपनाने की आवश्यकता है। घटना से साबित होता है कि सरकार का सूचना तंत्र और गृहमंत्री नाकाम हैं। 31 मार्च 2026 में छत्तीसगढ़ को नक्सल मुक्त करने का भाजपा का दावा खोखला निकला है और राज्य सरकार नक्सली घटना को रोकने में नाकाम रही है।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button