डोंगरगढ़ में मध्यप्रदेश की शराब और पैकिंग सामग्री जब्त

डोंगरगढ़। आबकारी विभाग ने मिली सूचना पर ग्राम कातलवाही में दबिश देकर मध्य प्रदेश निर्मित विदेशी शराब और पैकिंग सामग्री जब्त की है। यह कार्रवाई शाम शुरू होकर रात 11 बजे तक चली। प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी के नेतृत्व में टीम ने बिना सर्च वारंट के भिखारी निषाद के बाड़ी के घर पर छापा मारा। नाले किनारे अवैध भंडारण और शराब की हेराफेरी की पुष्टि हुई।
इस दौरान 243 लीटर अवैध व्हिस्की बरामद की गई, जिसमें 264 बोतल (750 एमएल) बॉम्बे व्हिस्की और 250 पाव (180 एमएल) गोवा व्हिस्की शामिल हैं। इसके अलावा बड़ी मात्रा में पैकिंग सामग्री भी मिली।
इस कार्रवाई में नकली पैकेजिंग का नेटवर्क भी सामने आया है। मौके से 200 खाली बोतलें (MP लेबल), 500 खाली पाव (छत्तीसगढ़ लेबल), 220 टूटे ढक्कन और 715 साबुत ढक्कन बरामद की गई। यहां अवैध री-पैकिंग और सप्लाई का काम भी किया जा रहा था।
छापे के दौरान मुख्य आरोपी चंद्रकांत सेन उर्फ सोनू मौके से फरार हो गया। आबकारी विभाग ने उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(2), 36 और 59(क) के तहत गैर-जमानती मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।






