पेड़ की डाल गिरने से 14 साल की बच्ची की मौत

कांकेर। जिले के आमाबेड़ा थाना क्षेत्र में सहेलियों के साथ जंगल के रास्ते से हाेते हुए शादी कार्यक्रम में शामिल होने जा रही एक 14 वर्षीय बच्ची के उपर अचानक एक पेड़ की डाल गिरने से मौत हो गई।
आमाबेड़ा थाना प्रभारी विनोद साहू ने बताया कि आमाबेड़ा निवासी रमेश की पुत्री योगेश्वरी पोटाई अपनी सहेलियों के साथ जंगल के रास्ते से एक परिचित के यहां शादी कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं। अचानक जंगल के बीच में एक पेड़ का डाल योगेश्वरी के ऊपर गिर गया। इस घटना में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तत्काल धनोरा के स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से बेहतर उपचार के लिए कांकेर जिला अस्पताल लाया गया। उपचार के दौरान योगेश्वरी ने दम तोड़ दिया। आमाबेड़ा पुलिस काे घटना की सूचना मिलने पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए आज मंगलवार काे शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया।







