ट्रेलर ने स्कूटी सवार महिला को रौंदा, पति और बच्चा गंभीर

रायगढ़। शुक्रवार सुबह कोयला लोड ट्रेलर की चपेट में आने से स्कूटी सवार महिला की मौत हो गई। इसमें पति और बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया है। चक्काजाम की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। यह घटना भूपदेवपुर थाने की है।
जानकारी के मुताबिक, भूपदेवपुर थाने के ग्राम सिंघनपुर के पास कोयला लोड ट्रेलर क्रमांक सीजी – 13-एडी -2483 के चालक ने स्कूटी सवार महिला उमा राठिया को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका के पति और उसके बच्चे को गंभीर चोटें आई हैं। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतक महिला उमा राठिया आंगनबाड़ी कार्यकर्ता है और आज सुबह अपने पति टीकाराम राठिया और बच्चे के साथ स्कूटी से अपने गांव सिंघनपुर लौट रहे थे। इसी दौरान घटना हो गई। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है। भूपदेवपुर पुलिस ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रही है।







