ChhattisgarhRegion

नक्सलमुक्त क्षेत्रों में विकास कार्य को गति देने प्रशासन कर रही है प्रयास – कलेक्टर

Share

जगदलपुर। बस्तर जिले के लोहंडीगुड़ा विकासखंड के सुदूर अंचल स्थित पॉवेल गांव में कलेक्टर आकाश छिकारा ने गुरुवार को चैपाल लगाकर ग्रामीणों के साथ संवाद किया। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में स्थित इस गांव तक पहुंचने के लिए कलेक्टर श्री छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन ने दंतेवाड़ा जिले के बारसूर होकर पहुंचे। चौपाल के दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए कहा कि शासन-प्रशासन की प्राथमिकता में पूरा बस्तर संभाग है, नक्सलमुक्त क्षेत्रों में विकास कार्य को गति देने के लिए प्रशासन हरसंभव प्रयास कर रही है। उन्होंने ग्रामीणों से स्वस्थ बस्तर अभियान का क्रियान्वयन में आवश्यक सहयोग कर योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
कलेक्टर ने आगामी तीन माह के राशन की व्यवस्था गांव में करवाने के निर्देश दिए। आगामी दिनों में राशन सामग्री वितरण के लिए शासकीय राशन दुकान हेतु भवन निर्माण की स्वीकृति दी ताकि उसी से हितग्राहियों को गांव में राशन सामग्री उपलब्ध हो। उन्होंने ग्रामीणों को वन अधिकार पट्टा, आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, महतारी वंदन योजना और मातृ वंदन योजना सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी दी। इसके साथ ही पशुपालन और मत्स्यपालन विभाग की योजनाओं से लाभ लेने के लिए ग्रामीणों को प्रेरित किया गया। इसके साथ ही राशन कार्ड में नाम जुड़वाने के लिए, आधार कार्ड निर्माण, सामाजिक पेंशन की स्थिति, महतारी वंदन योजना, मातृत्व वंदन योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्राथमिक शाला में मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था, प्रधानमंत्री आवास योजना, बैंकिंग सुविधा, मनरेगा जॉब कार्ड की स्थिति, स्वच्छ भारत अभियान के तहत शौचालय बनाने, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।
पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने कहा कि पूर्व में असामाजिक तत्वों के कारण विकास से दूर रहे क्षेत्रों में प्रशासन की पहुंच ही विकास को बढ़ावा दे रही है। गांव के युवाओं को पूरी शिक्षा दिलवायें ताकि युवा अपने भविष्य को बेहतर कर सकें। पुलिस से किसी प्रकार की सहायता की आवश्यकता हो तो नजदीकी थाने में जाकर संपर्क कर सकते हैं। पुलिस विभाग ने पुलिस भर्ती के प्रशिक्षण की व्यवस्था बनाई है। युवा जो रोजगार की तलाश में हैं वे इसका लाभ ले सकते हैं ।
इस अवसर पर अधिकारियों ने 56 नए राशन कार्ड, आधार कार्ड और वन अधिकार मान्यता पत्र का वितरण किया। साथ ही बच्चों को चॉकलेट, बिस्किट, टिफिन बॉक्स और पानी की बोतल वितरित की। पॉवेल चैपाल में सहायक कलेक्टर विपिन दुबे, लोहंडीगुड़ा एसडीएम नीतीश वर्मा, तहसीलदार कैलाश पोयाम, जनपद सीईओ धनेश्वर पांडेय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button