गारपा में आजादी के दशकों बाद पहुंची बिजली की रोशनी

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास की बयार अब उन कोनों तक पहुंच रही है, जहां कभी सिर्फ खौफ और अंधेरे का राज था। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित नियद नेल्लानार योजना’ (आपका अच्छा गांव) के तहत नारायणपुर जिले के सुदूर वनांचल ग्राम गारपा में आजादी के दशकों बाद पहली बार बिजली की रोशनी पहुंची है। ग्राम गारपा के 48 परिवारों को पहली बार घरेलू बिजली कनेक्शन प्रदान किया गया है।
नारायणपुर कलेक्टर नम्रता जैन के मार्गदर्शन में प्रशासन ने जिला मुख्यालय से लगभग 40 किलोमीटर दूर, घने जंगलों और दुर्गम पहाड़ियों के बीच बसे गारपा गांव के चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों को मात देते हुए विद्युतीकरण का कार्य पूर्ण किया। उक्त परियोजना में लगभग 55 लाख रुपये की लागत से विद्युत लाइन विस्तार का कार्य किया गया। ग्रामीणों ने शासन की इस पहल का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ‘नियद नेल्लानार’ योजना का लक्ष्य विकास की रोशनी को हर उस अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है, जो मुख्यधारा से कटा हुआ था। गारपा की यह सफलता बस्तर के बदलते स्वरूप और लौटती खुशहाली की एक जीवंत मिसाल है।
नारायणपुर बिजली विभाग के कार्यपालन अभियंता कुमार लाल उइके के अनुसार घने जंगल और सीमित संसाधनों के बावजूद टीम ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए समय पर काम पूरा किया। बिजली पहुंचने से अब गारपा के बच्चों को रात में पढ़ाई करने में आसानी होगी। साथ ही, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और ग्रामीणों के आर्थिक उत्थान के नए रास्ते खुलेंगे।







