प्राण घातक हमला कर फरार हत्या का आरोपित गिरफ्तार

काेंड़ागांव। जिले के थाना माकड़ी में प्राथी राजेन्द्र सोरी पिता लखीराम सोरी निवासी भतवा ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह अपने जीजा मृतक मेहन्दु मरकाम पिता स्व. राजूराम मरकाम उम्र 30 वर्ष निवासी गम्हरी व अपनी पत्नी के साथ मोटर सायकल से बालोण्ड से ग्राम भतवा जा रहे थे, मोटर सायकल को मेहन्दु मरकाम चला रहा था, ग्राम बागबेड़ा व ग्राम खुड़ी के मध्य अज्ञात मोटर सायकल में सवार व्यक्ति के द्वारा ईंट से मेहन्दु मरकाम के सीने में प्राण घातक हमला करने से मेहन्दु के सीने में गंभीर चोट आयी थी, जिससे उसकी मृत्यु हो गयी। रिपोर्ट पर मर्ग सदर कायम कर मर्ग जांच से अज्ञात मोटर सायकल सवार व्यक्ति के विरूद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कोण्डागांव त्रिलोक बंसल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेन्द्रसिंह चौहान के नेतृत्व में थाना माकड़ी एवं सायबर सेल कोण्डागांव का संयुक्त टीम गठित कर प्रकरण के अज्ञात मोटर सायकल सवार व्यक्ति का लगातार पता तलाश किया जा रहा था। मुखबिर सूचना के आधार पर संदेही धनीराम मण्डावी पिता सुकालूराम मण्डावी उम्र 35 वर्ष निवासी खुड़ी थाना माकड़ी को ग्राम ओण्डरी से घेराबंदी कर पकड़कर हिरासत में लेकर घटना के संबंध में पूछताछ करने पर अपराध घटित करना स्वीकार करने से आज गरूवार को गिरफ्तार कर कार्यवाही उपरांत न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमाण्ड पर जेल दाखिल किया गया है।







