प्रदेश में जंगल राज चल रहा: बैज

रायपुर। राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश में जंगल राज चल रहा है। सरकार अपराध को कण्ट्रोल करने में असफल है। लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। एक दिन पहले सेजबहार में एक परिवार के साथ हुई लूट की घटना का भी जिक्र किया । कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सरकारी स्कूलों के शुरू होने पर सवाल उठाते हुए कहा कि अभी तक बच्चों को पुस्तक उपलब्ध नहीं करवा पाए, आरटीई में एडमिशन नहीं हो रहा है। कई स्कूलों में शिक्षक नहीं, बच्चियों के लिए टायलेट नहीं है। क्या सरकार शिशु मंदिर बनाना चाहती है? स्कूल में श्लोक पढ़ाने की बजाए इस दिशा में सरकार होमवर्क करे, तो स्कूल बेहतर हो जाएगा।
आज असम, केरल और पुडुचेरी में हो रहे मतदान को लेकर दीपक बैज ने कहा कि तीनों राज्यों में कांग्रेस की सरकार बनेगी। पूरी तरह से बदलाव का माहौल बना हुआ है। असम के मुख्यमंत्री और उनकी पत्नी के ऊपर भ्रष्टाचार का आरोप लगा है। भ्रष्टाचार छुपाने के लिए सत्ता का दुरुपयोग कर रहे हैं। जवाब न देकर गिरफ्तारी का डर दिखा रहे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ अभद्र टिप्पणी कर रहे हैं। हिमंत विश्वा सरमा जेल जाएंगे।
महतारी वंदन के लिए केवायसी को अनिवार्य किए जाने पर उन्होंने कहा कि सरकार के पास पैसा नहीं है। केवायसी के नाम पर सरकार महिलाओं के नाम काटने की साजिश कर रही है।
नक्सलमुक्त पंचायतों को 1 करोड़ रुपए दिए जाने को लेकर कहा कि सरकार ने बस्तर के जनप्रतिनिधियों से वादा किया है। नक्सलमुक्त पंचायतों को 1 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। सरकार कह रही है कि सभी जिले नक्सलमुक्त हो चुके हैं, तो 1 करोड़ रुपए देना चाहिए। इसके लिए क्या पीएम मोदी से मुलाकात कर राशि मांगी गई है। कितने पंचायतों को देना है, या दे चुके सरकार स्पष्ट करे। यह सरकार केवल जुमलेबाज़ी कर रही है ।







