ChhattisgarhCrime

सफाई कर्मी की आरक्षक ने की पिटाई

Share

अभनपुर। गोबरा नवापारा नगर पालिका के सफाई कर्मचारी की थाने में पिटाई से लोगों में आक्रोश है। जानकारी के अनुसार नगर पालिका के सफाई कर्मचारी जुगे माचखंड के साथ गोबरा नवापारा थाने में पदस्थ आरक्षक हुलास साहू ने मारपीट की है। इससे पीड़ित का हाथ फ्रैक्चर हो गया है। इसको लेकर कांग्रेसियों ने थाने में प्रदर्शन कर दोषी आरक्षक पर कार्रवाई की मांग की।
मंगलवार सुबह आरक्षक हुलास साहू पीड़ित को नाली सफाई के बहाने थाने लेकर आया था। इसी दौरान चोरी की एक घटना के संबंध में पूछताछ करते हुए उसके साथ मारपीट की गई। परिजनों का आरोप है कि पूछताछ के नाम पर उसकी पिटाई की गई। इससे पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित के परिजन, मोहल्ले के लोग एवं नगर पालिका के अन्य सफाई कर्मचारी बड़ी संख्या में पीड़ित के साथ गोबरा नवापारा थाने पहुंचे और दोषी आरक्षक पर कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नवापारा के अध्यक्ष राम यादव के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षदों ने थाने पहुंचकर आरोपी आरक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आम जनता और कर्मचारियों के साथ इस तरह की मारपीट बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी पुलिसकर्मी पर तत्काल सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। कार्रवाई नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button