पटना से चर्लपल्ली के बीच चलेगी विशेष ट्रेन, छग के यात्रियों को मिलेगा लाभ

बिलासपुर। गर्मी के मौसम में ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए पटना से चर्लपल्ली के बीच विशेष ट्रेन सेवा शुरू कर दी गई है। इस ट्रेन का संचालन दोनों दिशाओं में कुल 15-15 ट्रिप के लिए किया जाएगा, जिससे यात्रियों को कन्फर्म बर्थ मिलने में राहत मिलेगी।
ट्रेन नंबर 03253 (पटना-चर्लपल्ली स्पेशल) हर सोमवार और बुधवार को 8 अप्रैल से 27 मई तक चलेगी। यह ट्रेन पटना से दोपहर 3 बजे रवाना होगी और दूसरे दिन बिलासपुर सुबह 7:40 बजे पहुंचेगी। यहां से रायपुर, दुर्ग और गोंदिया होते हुए चारलपल्ली पहुंचेगी।
वहीं, वापसी दिशा में ट्रेन नंबर 03254 (चर्लपल्ली-पटना स्पेशल) हर बुधवार रात 11 बजे 15 अप्रैल से 27 मई तक (7) ट्रिप) चलेगी। इसके अलावा, ट्रेन नंबर 03255 (चर्लपल्ली-पटना स्पेशल) हर शुक्रवार रात 9 बजे 10 अप्रैल से 29 मई तक (8 ट्रिप) संचालित होगी।
इन स्पेशल ट्रेनों का ठहराव मार्ग में कई प्रमुख स्टेशनों पर होगा, जिनमें बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, गोंदिया, नागपुर, राउरकेला, झारसुगुड़ा, रांची, बोकारो और गया शामिल हैं। इससे छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए गए हैं, जिनमें 2 जनरल कोच, 4 स्लीपर कोच, 7 एसी-3 टियर, 7 एसी-3 इकोनॉमी कोच शामिल हैं।







