विश्व नवकार दिवस पर विश्वशांति के लिए 9 अप्रैल को पूरे विश्व में नवकार महामंत्र का जाप

रायपुर। खरतरगच्छाधिपति आचार्य श्री जिनमणिप्रभ सूरीश्वर जी द्वारा प्रतिष्ठित श्री जिनकुशल सूरि जैन दादाबाड़ी , भैरव सोसायटी में विश्व नवकार दिवस 9 अप्रैल को प्रातः 8 . 30 बजे से नवकार महामंत्र का जाप किया जावेगा ।
श्री सीमंधर स्वामी जैन मंदिर व दादाबाड़ी ट्रस्ट के अध्यक्ष संतोष बैद व महासचिव महेन्द्र कोचर ने बताया कि विश्व में युद्ध की आग भड़की हुई है ऐसे समय में नवकार महामंत्र के नव पदों के उच्चारण की ध्वनि तरंगों से विश्व शांति , अहिंसा , जीव दया के वातावरण का निर्माण होगा । भयावह युद्ध , हिंसा के वातावरण में विश्व नवकार दिवस पर नवकार महामंत्र का जाप अहिंसा व शांति का संदेश देगा । पूरे भैरव सोसायटी , दावड़ा , वालफोर्ड , जैनम , आम्रपाली व आसपास के सभी जैन भाई बहनों से आग्रह है कि मंदिर जी में आकर अथवा अपने घरों में 8 . 30 बजे से नवकार महामंत्र का उच्चारण पूर्वक जाप करें । ट्रस्टी नीलेश गोलछा व टीकम जैन ने बताया कि प्रवर्तिनी श्री निपुणा श्री जी की सुशिष्या श्री स्नेहयशा श्री जी की निश्रा में श्री सीमंधर स्वामी जैन मंदिर व चमत्कारी श्री जिन कुशल सूरि जैन दादाबाड़ी का नवम ध्वजा महोत्सव 12 अप्रैल को होगा । संस्कारों का शंखनाद , स्वंय को जानो – पहचानो – औऱ पहुँचो विषय पर 9 से 11 अप्रैल महिलाओं व बच्चों का तीन दिवसीय जैन धार्मिक शिक्षण शिविर आयोजित किया गया है । अध्यक्ष संतोष बैद व महासचिव महेन्द्र कोचर ने कहा कि अहिंसा सेवा करुणा ही जैन धर्म का मूलमंत्र है । भगवान महावीर स्वामी के जियो और जीने दो उपदेश पर चलकर ही विश्वशांति सम्भव है ।







