अश्लील फोटो बना कर ब्लैकमेल, 20 करोड़ न देने पर तलवार लेकर घर पहुंचा
बिलासपुर। धन गुरुनानक दरबार गुरुद्वारे के रागी ने कारोबारी के घर की महिला सदस्यों की एआई से अश्लील फोटो बना कर 20 लाख ऐंठ लिए। अब फोटो को वायरल करने की धमकी देकर 20 करोड़ की मांग कर रहा है। पैसे नहीं दिए जाने पर तलवार लेकर कारोबारी के घर घुस गया। पीड़ित परिवार ने घटना की रिपोर्ट रायपुर तेलीबांधा में दर्ज कराई थी। पुलिस ने शून्य में मामला दर्ज कर केस बिलासपुर सिविल लाइन को ट्रांसफर कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, बिलासपुर के एक कारोबारी परिवार ने गुरुद्वारे के रागी के खिलाफ रायपुर के तेलीबांधा थाने में शून्य में अपराध दर्ज करवाया है. परिवार की पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि उनके घर के पास स्थित धन गुरुनानक दरबार गुरुद्वारे में अमृतसर निवासी मनिंदर सिंह कीर्तन करता था. गुरुद्वारे जाने के दौरान उससे जान-पहचान हुई। वह महिला और उसकी 18 वर्षीय बेटी को कीर्तन सिखाने लगा। उसने परिवार का भरोसा जीता और उधारी के नाम पर छोटी-छोटी रकम लेने लगा। पैसे न देने पर आरोपी ने एआई के जरिए महिला, उसकी बहन और नाबालिग बेटी की अश्लील तस्वीरें बनाई। उन्हें सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप में वायरल करने की धमकी देकर 20 लाख रुपए वसूल लिए।
इसके बाद आरोपी 20 करोड़ की मांग करने लगा। नहीं देने पर धमकियां देते हुए महिलाओं की अश्लील वीडियो वायरल करने की बात कहने लगा। इसके चलते परिवार बिलासपुर छोड़ रायपुर आ गया। आरोपी मनिंदर एक दिन रायपुर के घर तलवार लेकर पहुंच गया। सभी को जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता के पति ने तत्काल 2 लाख रुपए देकर जान बचाई।







