नगर निगम क्षेत्र में कुत्तों की नसबंदी के लिए विशेष अभियान 10 अप्रैल से

जगदलपुर। नगर निगम क्षेत्र में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या को नियंत्रित करने के लिए निगम प्रशासन द्वारा कुत्तों की नसबंदी के लिए विशेष अभियान 10 अप्रैल से शुरू किया जाएगा। इसके लिए चंडीगढ़ की स्नेह एजेंसी को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो नगर निगम के सहयोग से इस अभियान को अंजाम देगी। नगर निगम क्षेत्र में बीते कुछ समय से आवारा कुत्तों की संख्या तेजी से बढ़ी है, जिससे लोगों को रोजमर्रा की जिंदगी में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई इलाकों में कुत्तों के झुंड राहगीरों के लिए खतरा बनते जा रहे हैं। इसे देखते हुए निगम ने एनीमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) योजना के तहत यह अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है।
नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा ने बताया कि इस एजेंसी को काम शुरू करने के लिए निर्देश दे दिया गया है। यह काम 10 अप्रैल से शुरू कर दिया जाएगा। इस अभियान के लिए नगर निगम ने कंगोली के डंपिंग यार्ड के पास विशेष व्यवस्था की है, जहां नसबंदी का पूरा कार्य किया जाएगा। एजेंसी के विशेषज्ञों और नगर निगम के कर्मचारियों की संयुक्त टीम इस काम को अंजाम देगी। कुत्तों को सुरक्षित तरीके से पकड़कर सेंटर लाया जाएगा, जहां उनका ऑपरेशन कर उन्हें कुछ समय तक निगरानी में रखा जाएगा। इसके बाद उन्हें उसी क्षेत्र में छोड़ दिया जाएगा। निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा ने बताया कि एजेंसी का चयन राज्य सरकार के द्वारा किया गया है। इस काम को बिना किसी गतिरोध के पूरा करने के लिए हर स्तर पर तैयारी की गई है। नगर निगम के अधिकारी लगातार इसकी मॉनिटरिंग करेंगे।
नगर निगम के एमआईसी सदस्य लक्ष्मण झा ने कहा कि शहर में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे लोगों की सुरक्षा पर खतरा पैदा हो रहा है। कई मामलों में कुत्तों के काटने की घटनाएं भी सामने आई हैं। ऐसे में नसबंदी ही एक स्थायी समाधान माना जा रहा है, जिससे उनकी संख्या को नियंत्रित किया जा सकेगा और भविष्य में समस्या नहीं बढ़ेगी। राज्य सरकार इस योजना से लोगों को इसका फायदा मिलेगा।






