ChhattisgarhRegion

दंतैल हाथी ने ली ग्रामीण की जान

Share

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। मरवाही वन मंडल के सिवनी बीट में शुक्रवार तड़के जब पूरा गांव सो रहा था, तब महुआ बीनने जंगल गए एक वृद्ध पर हाथी ने जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
ग्राम पंचायत पोंडी के अंतर्गत आने वाले डडिंया गांव के जंगल में सुबह करीब 4 बजे 55 वर्षीय त्रिलोचन सिंह महुआ बीनने गए थे। इसी दौरान उनका सामना एक दंतैल हाथी से हो गया। हाथी ने वृद्ध पर हमला कर उन्हें मौके पर ही कुचल दिया, जिससे उनकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि यह वही अकेला दंतैल हाथी है, जो 1 अप्रैल को कटघोरा के पसान क्षेत्र से निकला था। कुम्हारी रोड और सोन नदी पार करते हुए यह हाथी शुक्रवार सुबह डडिंयाडोंगरी के जंगलों में पहुंचा। वर्तमान में हाथी कक्ष क्रमांक 2093 के पास ही डटा हुआ है, जिससे आसपास के गांवों में भारी दहशत का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही सिवनी बीट के वनरक्षक शाहिद खान, पोंडी सरपंच हेमचंद मरावी और मरवाही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची है। यह इलाका मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की सीमा से बेहद करीब है, जिसे देखते हुए सीमावर्ती गांवों में भी अलर्ट जारी किया गया है। मरवाही वन मंडल ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे महुआ बीनने या लकड़ी लेने के लिए फिलहाल जंगलों की ओर रुख न करें और रात के समय विशेष सावधानी बरतें।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button