मृतक की पत्नी ने जेठ और एक अन्य के साथ मिलकर की थी हत्या

बलौदाबाजार-भाटापारा । पुलिस ने ग्राम बिनौरी में हुए अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली है। इस मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी, बड़े भाई और एक अन्य सहयोगी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों महावीर साय 40 निवासी बिनौरी, मीना बाई साय 36 निवासी बिनौरी, थाना पलारी
और वैभव उर्फ अंशु बघेल 19 निवासी, बीजराडीह थाना गिधपुरी को गिरफ्तार किया है।
मृतक रामकुमार साय आदतन शराबी था और अपनी बेटी पर बुरी नजर थी। मृतक के आचरण से परेशान होकर उसकी पत्नी, बड़े भाई और एक अन्य सहयोगी ने गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी। मामला पलारी थाना क्षेत्र का है।
29 मार्च की रात ग्राम बिनौरी निवासी रामकुमार साय 37 वर्ष की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मृतक की पत्नी मीना बाई साय ने पुलिस को इसकी सूचना दी थी। इस पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया। डॉक्टरों की शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में मौत का कारण होमीसाइडल बताया गया, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धारा 103 (1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। एसपी भावना गुप्ता ने बताया कि संदेह के आधार पर पुलिस ने मृतक की पत्नी मीना बाई साय,बड़े भाई महावीर साय और वैभव उर्फ अंशु को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की। आरोपियों ने जुर्म स्वीकार का लिया। उन्होंने बताया कि मृतक अत्यधिक शराब पीने की आदत से घर के लोग परेशान थे और अपनी ही बेटी पर बुरी नीयत रखता था। इससे तंग आकर उसकी हत्या की।
पुलिस ने षड्यंत्र रचने और साक्ष्य छुपाने की धाराएं 61(2), 238 (क) और 3(5) भी जोड़ी हैं। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। रात 11 से 2.30 बजे के बीच गमछे से गला घोंट दिया। सबूत छुपाने घटना में इस्तेमाल किए गमछों को पत्थरों में बांधकर कुएं में फेंक दिया । पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुएं से 3 नग गमछे और पत्थर बरामद कर लिए हैं। इसके साथ ही मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।







