ChhattisgarhRegion

महापौर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया 15 अत्याधुनिक एम्बुलेंस

Share

जगदलपुर। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की जनहितैषी पहल के अंतर्गत बस्तर की जनता को बेहतर और त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के संकल्प के साथ 15 नई एम्बुलेंस सौंपी गईं । इस महत्वपूर्ण सौगात के साथ अब जिले के वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और अधिक सुगम हो गई है, जिससे विशेष रूप से आकस्मिक दुर्घटनाओं और प्रसव के मामलों में मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाना संभव हो सकेगा।
बुधवार को जगदलपुर स्थित महारानी अस्पताल के प्रांगण में आयोजित एक कार्यक्रम में महापौर संजय पांडे ने इन एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रवानगी से पहले महापौर ने एम्बुलेंस में मौजूद आधुनिक जीवन रक्षक उपकरणों का निरीक्षण किया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर इन वाहनों को बस्तर की जनता की सेवा के लिए समर्पित किया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है, और ये एम्बुलेंस इसी कड़ी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।
इस अवसर पर एमआईसी सदस्य लक्ष्मण झा, निर्मल पाणिग्राही और संजय विश्वकर्मा के साथ स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय बसाक, सिविल सर्जन डॉ संजय प्रसाद, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सी. मैत्री, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. रीना लक्ष्मी और डॉ. नीरज ओझा सहित महारानी अस्पताल के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button