8 लाख की इनामी आत्मसमर्पित स्वरूपा का पत्र हुआ वायरल, साथियों से आत्मसमर्पण की अपील

कांकेर। जिले के एसपी कार्यालय में गुरूवार को आत्मसमर्पण करने वाली मिलिट्री कंपनी नंबर-5 की सदस्य 8 लाख की इनामी आत्मसमर्पित महिला नक्सली स्वरूपा के आत्मसमर्पण के बाद अब उनके हाथ से लिखा हुआ मार्मिक पत्र सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यह पत्र गोंडी भाषा में लिखा गया है, जिसमें स्वरूपा ने अपने पूर्व साथियों से नक्सलवाद का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौटने की अपील की है। पत्र में उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि जंगल और हिंसा का रास्ता केवल मौत की ओर ले जाता है, इसलिए समय रहते सभी को आत्मसमर्पण कर सामान्य जीवन अपनाना चाहिए। यह पत्र परतापुर एरिया कमेटी के कमांडर कामरेड चंदर रूपी के नाम लिखा गया है, जिससे यह स्पष्ट होता है, कि स्वरूपा अपने संगठन के सक्रिय सदस्यों को सीधे संदेश देना चाहती हैं।
गौरतलब है कि स्वरूपा ने एक दिन पहले ही गुरूवार को नक्सलवाद से नाता तोड़कर पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया है। मिली जानकारी के अनुसार कांकेर जिले में अब भी लगभग 19 माओवादी कैडर सक्रिय बताए जा रहे हैं, जिन्हें मुख्यधारा में लाने के प्रयास लगातार जारी हैं। स्वरूपा का यह कदम और उनका भावनात्मक पत्र नक्सलवाद के खिलाफ एक संदेश है।







