केंद्रीय जेल जगदलपुर से एक कैदी दीवार फांदकर फरार, तलाश जारी

जगदलपुर। बस्तर संभाग मुख्यालय के केंद्रीय जेल जगदलपुर में बुधवार की देर शाम एक कैदी दीवार फांदकर फरार हो गया। इस घटना से जेल विभाग में हड़कंप मच गया। कैदी को खोजने के लिए जेल अधिकारी और कर्मचारी तुरंत सक्रिय हो गए। मामले की सूचना तत्काल कोतवाली पुलिस को दी गई है, जिसके बाद पुलिस भी कैदी की तलाश में जुट गई। जेल समेत आस-पास में लगे सीसीटव्ही कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल कैदी का नाम और वह किस जुर्म में जेल में था इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। बस्तर जिले के एसपी शलभ सिन्हा ने कहा कि मामले की जांच जारी है।
कोतवाली थाना प्रभारी भोला सिंह राजपूत ने बताया कि केंद्रीय जेल अधीक्षक अक्षय तिवारी ने फोन पर कैदी के फरार होने की जानकारी दी। इसके बाद आस-पास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस जवानों को फरार कैदी की तलाश में भंगाराम चौक से लेकर माता मंदिर तक के इलाकों में खोजबीन में लगाया गया है। लेकिन देर रात तक टार्च की रोशनी में कैदी की तलाश जारी रही। लेकिन फरार कैदी का कुछ भी पता नहीं चल पाया है।
जेल अधीक्षक अक्षय तिवारी ने बताया कि कैदी की तलाश जारी है। उसका किसी भी तरह से कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस और जेल प्रशासन दोनों मिलकर फरार कैदी को ढूंढने का प्रयास कर रहे हैं।







