छत्तीसगढ़ की लंबित रेल परियोजनाओं का शीघ्र पुनर्निरीक्षण आवश्यक सांसद राजीव शुक्ला

सांसद राजीव शुक्ला ने राज्यसभा में छत्तीसगढ़ की लंबित रेल परियोजनाओं को लेकर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कई सालों से दल्ली-राजहरा से रावघाट और वहां से आगे जगदलपुर तक की रेल परियोजना फाइलों में दौड़ रही है, लेकिन पटरी पर नहीं उतर पा रही। खरसिया से धर्मजयगढ़ और गेवरारोड से पेंड्रारोड की नई लाइनों की घोषणा हुई थी, लेकिन अब तक कोई प्रगति नहीं हुई। उन्होंने सारंगढ़-बिलाईगढ़ और आसपास के क्षेत्रों की वर्षों पुरानी सारंगढ़-रायपुर-झारसुगुड़ा रेल लाइन परियोजना का भी जिक्र किया, जिसका सर्वेक्षण 2010 में किया गया था और प्रस्तावित लंबाई 310 किलोमीटर तथा अनुमानित लागत 161 करोड़ रुपए थी। राजीव शुक्ला ने कहा कि यह केवल एक रेल लाइन नहीं है, बल्कि दो राज्यों के बीच आर्थिक कनेक्टिविटी की लाइफलाइन है, इसलिए इस परियोजना का निरीक्षण कर जल्द से जल्द काम शुरू करने की आवश्यकता है।





