पढ़े-लिखे युवक MD ड्रग्स बेचते पकड़े गए, क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई की

इंदौर में एमडी ड्रग्स का जहर तेजी से फैल रहा है और पढ़े-लिखे युवक भी जल्दी पैसे के लालच में नशे के कारोबार में उतर रहे हैं। क्राइम ब्रांच ने सपना-संगीता चौराहे के पास गुलमर्ग कॉम्प्लेक्स इलाके से एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया, जो ग्राफिक्स डिजाइनिंग का काम करता था, लेकिन असल में एमडी ड्रग्स बेचकर कमाई कर रहा था। पुलिस को सूचना मिली कि युवक संदिग्ध हालत में दोपहिया वाहन पर घूम रहा है और उसके पास मादक पदार्थ हो सकता है। तलाशी लेने पर उसकी एक्टिवा की डिक्की से 12.87 ग्राम अवैध MD बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद अजीम, निवासी सदर बाजार, इंदौर, 12वीं तक पढ़ा है और ज्यादा पैसा कमाने के लालच में नशे का धंधा शुरू कर दिया था। पूछताछ में उसने कबूल किया कि वह सस्ते में MD खरीदता और इंदौर में महंगे दाम पर बेचता था। पुलिस ने उसके पास से मोबाइल फोन और एक्टिवा भी जब्त की, जिनकी कुल कीमत लगभग 2.5 लाख रुपए बताई गई है। इस मामले में क्राइम ब्रांच ने धारा 8/22 NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज किया है और आरोपी को सप्लाई करने वाले नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई है। DCP ने बताया कि इंदौर में MD और अन्य नशे के कारोबार को खत्म करने के लिए लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।







