Madhya Pradesh
हिंदू नववर्ष पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सूर्य देवता को अर्घ्य अर्पित, प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को चैत्र नवरात्रि के पहले दिन सूर्य देवता को अर्घ्य अर्पित किया और हिंदू नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया पर बताया कि चैत्र शुक्ल प्रतिपदा, विक्रम संवत 2083 एवं गुड़ी पड़वा के शुभ अवसर पर भगवान सूर्य को अर्घ्य देकर दिनचर्या की शुरुआत की और प्रदेशवासियों के संकल्पों की सिद्धि, हर आंगन में खुशहाली और प्रदेश की उन्नति की कामना की। इसके साथ ही उन्होंने अपने एक्स (X) अकाउंट पर पोस्ट कर नव संवत्सर की बधाई देते हुए कहा कि यह नया साल जीवन में नव चेतना, ऊर्जा और असीम समृद्धि लाए। मुख्यमंत्री ने चैत्र नवरात्रि के अवसर पर देवी मां दुर्गा की आराधना और मां शैलपुत्री से प्रार्थना करते हुए कहा कि उनके आशीर्वाद से सभी कष्ट दूर हों और हर घर में सुख-शांति, संपन्नता और आनंद बना रहे।







