रामकृष्ण केयर के एसटीपी हादसे में दो सफाई कर्मियों की मौत,तीसरा गंभीर

रायपुर। शहर के एक बड़े निजी अस्पताल रामकृष्ण केयर में मंगलवार रात दर्दनाक हादसा हो गया। सेप्टिक टैंक की सफाई के लिए तीन युवक उतरे थे कि घटना में दो युवकों की मौत की पुष्टि हो गई है, जबकि एक की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद अस्पताल परिसर में भारी हंगामा मच गया और परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। तीसरे युवक की अस्पताल के ही गहन चिकित्सा कक्ष में उपचार जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सेप्टिक टैंक की सफाई के लिए बाहरी कांट्रैक्ट एजेंसी के मार्फत तीन युवकों को बुलाया गया था। सफाई के दौरान टैंक के अंदर मौजूद जहरीली गैस के कारण तीनों बेहोश होकर गिर पड़े। कुछ ही देर में स्थिति गंभीर हो गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम को बुलाया गया, जिसने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकाला और तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।हादसे में गोविंद सेंद्रे (निवासी सिमरन सिटी), अनमोल मचकन और प्रशांत कुमार गंभीर रूप से घायल हुए।
देर रात तक मिली जानकारी के अनुसार, दो युवकों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि तीसरे की हालत नाजुक बनी हुई है।घटना की खबर मिलते ही मृतकों और घायलों के परिजन बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजन दोषियों के खिलाफ कड़ी और तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि जांच के बाद दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उधर अस्पताल प्रबंधन ने अपना पक्ष रखते हुए कहा है कि घटना दुर्भाग्यपूर्ण है,सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट में आवश्यक रखरखाव के लिए कार्य कर रहे तीन श्रमिक में से दो की मौत हो गई है और तीसरे का उपचार जारी है। हम जांच की हर प्रक्रिया में सहयोग करेंगे। संबंधित कांट्रैक्ट एजेंसी को भी नोटिस जारी किया गया है। हमारी प्राथमिकता प्रभावित परिवार को हर संभव सहायता प्रदान करना और कठिन समय में साथ खड़े रहना है।







