ट्रेन की चपेट में आने से आरक्षक मिंज की मौत

रायगढ़। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पदस्थ आरक्षक सुजीत मिंज की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा करने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुजीत मिंज बीते शाम ढिमरापुर स्थित अपने घर पर थे। रात में खाना खाने के बाद उन्होंने किसी काम से ड्यूटी जाने की बात कही और घर से निकल गए। परिजनों ने उन्हें रोकते हुए पूछा भी कि दिन में ड्यूटी कर चुके हो तो रात में क्यों जा रहे हैं, लेकिन वे बिना कुछ बताए घर से चले गए। सुबह जीआरपी से परिजनों को सूचना मिली कि रेलवे ट्रैक के पास एक शव मिला है जिसकी पहचान सुजीत मिंज के रूप में हुई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।







