अलसी के बीज उत्पादन में गड़बड़ी की होगी जांच – मंत्री नेताम

रायपुर। कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने शुक्रवार को विधानसभा में रायगढ़ जिले में अलसी के बीज उत्पादन में गड़बड़ी की जांच कराने की घोषणा पूर्व मंत्री व विधायक उमेश पटेल समेत कांग्रेस विधायकों की घेराबंदी के बाद की। पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने पूछा कि इसमें एमडी का नाम आ रहा है तो किस स्तर के अफसर से जांच कराएंगे। मंत्री नेताम ने कहा कि सक्षम अफसर से कराएंगे।
प्रश्न काल के दौरान में श्री पटेल ने तारांकित प्रश्न के जरिए यह मामला उठाया था। उन्होंने लिखित उत्तर के हवाले से कहा कि रायगढ़ में अलसी उत्पादन के लिए किसानों को मानक बीज वितरित किए गए थे। किसानों ने 186.50 क्विंटल बीज उत्पादन किया था और विभाग ने 158.49 क्विंटल बीज रिजेक्ट कर दिया। यानी 85′ रिजेक्ट किए गए। पटेल ने इसका कारण पूछा। मंत्री नेताम ने कहा कि यह सही है कि जितना उत्पादन मिलना था नहीं हुआ। इसका कारण उन क्षेत्रों के किसानों ने विलंब से बोनी की थी। और किसानों को पूरी तरह से प्रशिक्षित भी नहीं किया जा सका था। पटेल ने पूछा कि इसके दोषी कौन अधिकारी थे उन पर कार्रवाई करेंगे। मंत्री नेताम ने कहा कि निश्चित रूप से यह गंभीर विषय है। जिन अधिकारियों ने लापरवाही बरती परीक्षण कर कार्रवाई करेंगे। पटेल ने पूरक प्रश्न किया कि खरपतवार के कारण बीज रिजेक्ट करना भी बताया गया है, इसके लिए कब कब ग्रेडिंग की गई? मंत्री ने कहा कि जानकारी पृथक से दे दूंगा। पटेल ने फिर पूछा कि अलसी ग्रेडिंग के लिए विशेष छन्नी लगाई गई थी? श्री नेताम ने कहा कि ऐसे सभी विषयों को शामिल करते हुए परीक्षण करा लेंगे। पटेल ने बताया कि बीज प्रमाणीकरण अधिकारी ने छन्नी प्रदान करने बीज निगम के एमडी को पत्र लिखा था, क्या मंत्री जी के पास ऐसा कोई पत्र है? हां तो एमडी पर कार्रवाई करेंगे? मंत्री नेताम ने कहा कि जो भी खामियां रहीं हैं उनका परीक्षण करा लेंगे। इस पर श्री पटेल ने कहा कि एमडी ने अपने स्पेसिफिक ठेकेदार को काम देने यह सब किया था। श्री नेताम ने कहा कि सब कुछ दिखवा रहा हूं। सभी प्रश्नों को गंभीरता से लेते हुए संपूर्ण जांच करवाएंगे।







