बालोद जंबूरी विवाद विधानसभा में टेंडर और खर्च पर हंगामा, विपक्ष ने वॉकआउट किया

बालोद जिले में आयोजित स्काउट-गाइड के रोवर रेंजर जंबूरी कार्यक्रम को लेकर विधानसभा में बहस गर्मा गई। कांग्रेस विधायक उमेश पटेल ने स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव से कार्यक्रम में हुए खर्च, टेंडर प्रक्रिया और संभावित अनियमितताओं के बारे में सवाल किए। उन्होंने भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए विधायकों की समिति से जांच कराने की माँग की, लेकिन मंत्री के जवाब से असंतुष्ट विपक्ष ने वॉकआउट कर दिया। मंत्री गजेंद्र यादव ने बताया कि जंबूरी के लिए क्रॉसिंग एरिना निर्माण, शौचालय, जल और प्रकाश व्यवस्था, ध्वनि, आवास व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं पर करीब 2 करोड़ रुपये खर्च किए गए। जंबूरी कार्यों के लिए मेसर्स अमर भारत किराया भंडार को 5 करोड़ 18 लाख 88 हजार 860 रुपये का टेंडर दिया गया था। मंत्री ने कहा कि टेंडर की शर्तें तय करने के लिए समिति का गठन किया गया और किसी विशेष फर्म को लाभ पहुंचाने का कोई प्रमाण नहीं मिला। विपक्ष ने टेंडर को डाउनग्रेड करने, काम शुरू होने से पहले टेंडर जारी होने और अध्यक्ष पद विवाद को लेकर सवाल उठाए, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उच्च स्तरीय समिति से जाँच कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।







