Chhattisgarh
बालोद कोर्ट को बम धमकी, सुरक्षा बढ़ाई गई; मजिस्ट्रेट और अधिवक्ताओं को सुरक्षित स्थान पर भेजा

छत्तीसगढ़ के हाईकोर्ट और विभिन्न जिला कोर्टों को लगातार बम से उड़ाने की धमकियां मिल रही हैं। इसी कड़ी में आज बालोद कोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी ईमेल के जरिए मिली, जिससे हड़कंप मच गया। धमकी मिलने के बाद कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। पुलिस ने तुरंत सभी मजिस्ट्रेटों को सुरक्षित सर्किट हाउस तक पहुंचाया और अधिवक्ताओं को भी बाहर निकाला। फिलहाल बम स्क्वॉड की टीम जांच में जुटी है और कोर्ट परिसर में कड़ी सुरक्षा बनाए रखी गई है। इससे पहले 25 फरवरी को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट और प्रदेश के अन्य जिलों जैसे राजनांदगांव, जांजगीर-चांपा और जगदलपुर के न्यायालयों को भी इसी तरह की धमकियां मिली थीं, जिनकी जांच में अफवाह निकली थी।







