शॉर्ट सर्किट से आग लगी, कार और कचरा जलकर राख

जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मीरा टॉकीज वार्ड नंबर 7, अंबिकापुर रोड पर ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट के कारण नीचे रखे कचरे के ढेर में आग लग गई और पास खड़ी एक कार भी जलकर राख हो गई। आगजनी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने समय रहते आग पर काबू पाया और दमकल को सूचना दी। हादसे के 12 घंटे बाद भी बिजली गुल रहने से व्यापारियों और निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि ट्रांसफार्मर के नीचे लंबे समय से कचरे का ढेर जमा था और नगर पालिका ने इस पर कोई कार्रवाई नहीं की। बिजली विभाग की टीम आग के तुरंत बाद मौके पर पहुंची और ट्रांसफार्मर सुधार का कार्य जारी है। घटना ने सुरक्षा व्यवस्थाओं और लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं, और स्थानीय लोग जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।







