आदिवासी छात्र राघव की मौत पर आक्रोश, NH-130C पर चक्काजाम

छत्तीसगढ़ के बड़े गोबरा स्थित आदिवासी बालक आश्रम में पढ़ाई कर रहे छात्र राघव मंडावी की मौत के बाद आदिवासी समाज आक्रोशित हो गया और उन्होंने नेशनल हाइवे 130 C पर चक्काजाम कर दिया, जिससे सड़क पर लंबी वाहनों की कतार लग गई। ग्रामीण आश्रम अधीक्षक पर कार्रवाई और मृतक छात्र के परिजनों को मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार, राघव ने 20 जनवरी को तबीयत खराब होने पर माता-पिता से बात करने की गुहार लगाई थी, लेकिन आश्रम के कर्मचारियों ने उसकी बातों को अनसुना किया। गणतंत्र दिवस के दिन पिता फिरतु राम मंडावी अपने बेटे को देखने आए तो उसे बेहद कमजोर और बिस्तर में पड़ा पाया। पिता ने 26 जनवरी को अपने बच्चे को इलाज के लिए घर और फिर धमतरी अस्पताल ले गए, लेकिन सुबह 4 बजे राघव की मौत हो गई। जनपद सदस्य सुकचंद धुव्र ने आश्रम अधीक्षक की लापरवाही को मौत की वजह बताया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा निष्पक्ष जांच की मांग की है।







