मुख्यमंत्री साय ने स्वामी कैलाशानंद गिरी से लिया आशीर्वाद

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वर्ण भूमि स्थित पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल के निवास पहुंचकर महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी जी के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस आध्यात्मिक समागम में मंत्रिमंडल के कई सदस्य, सांसद और विधायक भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री साय शाम साढ़े सात बजे से रात साढ़े ग्यारह बजे तक स्वामी जी के सानिध्य में विभिन्न विषयों पर चर्चा करते रहे।
यह अवसर इसलिए भी विशेष था क्योंकि स्वामी कैलाशानंद गिरी का 50वां जन्मदिन और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल व उनकी पत्नी अंगूरी देवी अग्रवाल की 50वीं वैवाहिक वर्षगांठ भी थी। मुख्यमंत्री सहित सभी उपस्थित अतिथियों ने स्वामी जी को जन्मदिन की बधाई और अग्रवाल दंपत्ति को स्वर्ण जयंती की शुभकामनाएं दीं।
स्वामी जी ने इस अवसर पर कहा कि छत्तीसगढ़ वासियों के लिए यह सौभाग्य है कि उनका जन्म मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री रामचंद्र जी के ननिहाल और माता कौशल्या की पावन धरा पर हुआ। उन्होंने इस पवित्र भूमि पर आने और प्रभु श्री राम के दर्शन का अवसर मिलने को भी सौभाग्यपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री तोखन साहू, क्षेत्रीय सांसद बृजमोहन अग्रवाल समेत अनेक सांसद, विधायक और वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। पूरा कार्यक्रम भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ।







