पुराने बस स्टैंड पंडरी में जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क बनाने का प्रस्ताव बजट में शामिल हो – हरख मालू

रायपुर। आगामी वित्त वर्ष 2026-2027 के लिए राज्य बजट हेतु रायपुर सराफा एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष हरख मालू ने सराफा बाजार के विषयगत कुछ महत्वपूर्ण सुझाव मुख्यमंत्री के नाम प्रेषित किए हैं,इस ध्यानाकर्षण के साथ कि यदि इन विषयों को बजट में शामिल किया जाता है तो यह सराफा कारोबारी व आम नागरिकों के साथ शासकीय राजस्व के दृष्टिकोण से भी फायदेमंद होगा।
श्री मालू ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को लिखे सुझाव पत्र में कहा है कि आपके कुशल नेतृत्व में छत्तीसगढ़ निरंतर विकास की ओर अग्रसर है.सरकार की नीतियों से राज्य में उद्योग-व्यापार को काम करने के लिए अनुकूल माहौल मिल रहा है। इसी कड़ी में आगामी वित्तीय वर्ष के लिए बजट हेतु कुछ सुझाव सराफा बाजार को लेकर प्रस्तुत है ।
* सराफा व्यवसाय छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में देश के विभिन्न प्रदेशों से जुड़ा हुआ है किंतु इस व्यवसाय की निरंतर प्रगति के लिए आवश्यक है कि सराफा व्यवसाय से संदर्भित आवश्यक सुविधाएं एक ही छत के नीचे मिल सके.इसलिए आपसे अनुरोध है कि पंडरी स्थित पुराने बस स्टैंड में विश्व स्तरीय जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क अंत्याधुनिक सुविधाओं के साथ निर्मित किया जाना चाहिए और इसके लिए आगामी बजट में प्रावधान किया जाए।
* सभी छोटे व्यापारियों के लिए वित्तीय लोन मेला आयोजित किया जाए जिससे व्यापार को प्रोत्साहन मिलेगा एवं स्थानीय कारीगरों द्वारा निर्मित जेवरों का निर्यात होता हैं तो इससे शासन के आय में भी वृद्धि होगी।
* प्रदेश की सभी व्यवसायिक क्षेत्र में सार्वजनिक पार्किंग एवं प्रसाधन की व्यवस्था किया जाना जरूरी है।
* सराफा व्यवसाय के अंतर्गत शासन द्वारा सहकारी कार्य हेतू साहूकारी लाइसेंस प्रदान किया जाता है और शासन द्वारा इस प्रक्रिया को ऑनलाइन किया गया है किंतु अभी तक इस प्रक्रिया में त्रुटि होने के कारण ऑनलाइन प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद भी यह सुविधा सराफा व्यवसायियों को नहीं मिल पा रही है ,अत: त्रुटि सुधार हेतु आवश्यक दिशा निर्देश देकर सराफा व्यवसायियों हेतु ऑनलाइन साहूकारी लाइसेंस प्रदान करने की निर्देश देने की कृपा करेंगे।






