Chhattisgarh

डोंगरगढ़ में सरपंचों का जोरदार प्रदर्शन, 15वें वित्त आयोग की राशि रोकने पर ताला जड़कर किया विरोध

Share

डोंगरगढ़ जनपद पंचायत में 15वें वित्त आयोग की राशि रोक दिए जाने के विरोध में सरपंचों का गुस्सा बुधवार को सड़क पर फूट पड़ा। दर्जनों नाराज सरपंचों ने जनपद कार्यालय में सामूहिक रूप से ताला जड़ दिया, जिससे प्रशासनिक कामकाज ठप हो गया और परिसर में हड़कंप मच गया। उनका यह विरोध गांवों में रुके विकास कार्यों और बार-बार अनसुनी की गई मांगों के खिलाफ था।

सरपंचों का कहना है कि राशि नहीं मिलने के कारण सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता और बुनियादी ढांचे से जुड़े काम पूरी तरह रुके हैं और कई योजनाएं केवल कागजों तक सीमित रह गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन केवल आश्वासन देता रहा है, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

करीब 60 से 70 सरपंच इसके बाद डोंगरगढ़ एसडीएम कार्यालय पहुंचे और अपनी मांगें एसडीएम एम. भार्गव के समक्ष रखीं। एसडीएम कक्ष में सरपंचों और प्रशासन के बीच बैठक जारी है, जिसमें समाधान निकालने पर चर्चा हो रही है। सुरक्षा के लिहाज से परिसर में पुलिस बल तैनात किया गया है। सरपंचों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द 15वें वित्त की राशि जारी नहीं की गई तो वे आंदोलन तेज करेंगे और जनपद स्तर पर शासकीय कार्यों का बहिष्कार करेंगे। अब सबकी नजर इस बैठक पर टिकी है कि क्या प्रशासन उनकी नाराजगी शांत कर पाएगा या टकराव और बढ़ेगा।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button