मुख्यमंत्री साय ने मीसाबंदियों का किया सम्मान, उनके संघर्ष को किया नमन

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के मंगली बाजार में लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले मीसाबंदियों और उनके परिजनों से आत्मीय मुलाकात की और उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने मीसाबंदी कोमलचन्द जैन और शिव कुमार सोनी के निवास पहुंचकर शाल और श्रीफल भेंटकर उनका अभिनंदन किया और कहा, “हम आपका आशीर्वाद लेने आए हैं।” मुख्यमंत्री ने आपातकाल के दौरान मीसाबंदियों द्वारा झेली गई कठिनाइयों और संघर्ष की कहानी गंभीरता से सुनी और उनके साहस, त्याग और बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि मीसाबंदी लोकतंत्र के सच्चे रक्षक हैं, जिन्होंने देश में आपातकाल के कठिन दौर में अपने अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष किया। साथ ही मुख्यमंत्री ने मीसाबंदियों से संवाद करते हुए उनके अनुभवों को जाना और राज्य सरकार द्वारा दी जा रही सम्मान राशि एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि सरकार मीसाबंदियों के सम्मान और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। मीसाबंदियों ने भी मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और कहा कि सरकार का सम्मान और सहयोग उनके संघर्ष की वास्तविक मान्यता है। इस अवसर पर मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, मरवाही विधायक प्रणव मरपच्ची, विधायक धरसींवा अनुज शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैंकरा, कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी, पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।







