जीवाजी यूनिवर्सिटी में रैंगिंग पर कड़ा एक्शन 3 छात्र हॉस्टल से निष्कासित, 4 सस्पेंड

मध्यप्रदेश के ग्वालियर स्थित जीवाजी विश्वविद्यालय में रैंगिंग के गंभीर मामले में विश्वविद्यालय प्रबंधन ने कड़ा एक्शन लिया है। एंटी रैंगिंग कमेटी की जांच पूरी होने के बाद कुलगुरु को रिपोर्ट सौंप दी गई थी, जिसके आधार पर फार्मेसी संस्थान के सात छात्रों पर कार्रवाई की गई। बी-फार्मा के 5th सेम के छात्र आनंद चतुर्वेदी और अनंत प्रताप सिंह, तथा 7th सेम के छात्र हिमांशु शुक्ला को आर्यभट्ट हॉस्टल से निष्कासित कर दिया गया। इसके अलावा, सौरभ गुर्जर, निखिल कुशवाह, गौरव जाट और सौरभ तिवारी को 15 दिन के लिए संस्थान से सस्पेंड किया गया। बीकॉम एलएलबी दसवीं सेमेस्टर के छात्र सुधांशु अस्थाना और बी-फार्मा के छात्र आशुतोष मरावी ने रैंगिंग और मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी। विश्वविद्यालय ने यह कार्रवाई छात्रों को अनुशासन सिखाने और हॉस्टल एवं संस्थान में स्वस्थ शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से की है।







