गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही स्थापना दिवस पर भव्य अरपा महोत्सव का आयोजन

10 फरवरी को गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के गठन के छह वर्ष पूरे होने के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा पेण्ड्रा में अरपा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू सहित अन्य मंत्री और विधायक भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। अरपा महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत 300 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न कराया जाएगा। इसके साथ ही छात्र-छात्राओं और स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक नृत्य एवं संगीत प्रस्तुतियां दी जाएंगी तथा शाम 6 बजे आरुग बैंड द्वारा अनुज शर्मा स्टार नाइट का आयोजन होगा। महोत्सव में विभिन्न स्टॉल, बच्चों का मेला, झूले और फूड जोन भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे। कार्यक्रम के पश्चात मुख्यमंत्री गौरेला स्थित नेवसा एकलव्य आवासीय विद्यालय के कार्यक्रम में शामिल होंगे और लगभग 36 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नए जिला अस्पताल परिसर का गौरेला सेनेटोरियम में भूमिपूजन करेंगे, जिसके बाद वे सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और पत्रकारों से संवाद करेंगे।







