छात्र पंजीयन के लिए 16 फरवरी से खुलेगा आरटीई का पोर्टल, नर्सरी और केजी-1 में नहीं मिलेगा प्रवेश

रायपुर। आरटीई के तहत एडमिशन की प्रक्रिया 1 जनवरी से शुरू हो गई है। इस साल 1 जनवरी से 31 जनवरी तक स्कूल प्रोफाइल अपडेट करने के लिए समय दिया गया था। निजी स्कूल संचालकों द्वारा आवेदन करने के पश्चात जिला शिक्षा विभाग में नोडल प्राचार्य और डीईओ द्वारा इसका सत्यापन शुरू हो गया है।आरटीई के नियमों में बदलाव किया गया है और इस बार नर्सरी और केजी-1 में प्रवेश नहीं मिलेगा, सीधे कक्षा-पहली में ही छात्र-छात्राओं को प्रवेश दिया जाएगा।
आरटीई अधिकारी सूर्यकांत सोनवानी ने बताया कि छात्र पंजीयन के लिए 16 फरवरी से आरटीई का पोर्टल खुल जाएगा। 31 मार्च तक छात्र पंजीयन करा सकेंगे। 16 फरवरी से 31 मार्च तक नोडल वेरिफकेशन होगा। 13 अप्रैल से 17 अप्रैल तक लॉटरी निकालकर आबंटन किया जाएगा। पूर्व की तरह आरटीई में प्रवेश की प्रक्रिया दो चरणों में होगी। दूसरे चरण में 8 जून से 20 जून तक न्यू स्कूल का रजिस्ट्रेशन होगा। 8 जून से 25 जून तक नोडल प्राचार्य, डीईओ द्वारा सीट प्रकटीकरण किया जाएगा। पश्चात 1 जुलाई से 11 जुलाई तक छात्रों का ऑनलाइन पंजीयन होगा। 1 जुलाई से 15 जुलाई तक नोडल वेरिफिकेशन और 27 जुलाई से 31 जुलाई के बीच ऑनलाइन लॉटरी निकालकर सीटों का आबंटन किया जाएगा। 3 अगस्त से 17 अगस्त तक स्कूलों में चयनित छात्र-छात्राओं को प्रवेश दिलाया जाएगा।







