सरकारी खाते से 26.87 लाख की हेराफेरी, बैंक कर्मचारी निलंबित

छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में सरकारी खजाने से बड़ी हेराफेरी का गंभीर मामला सामने आया है, जहां कलेक्ट्रेट के पर्यावरण अधोसंरचना विकास उपकर खाते से लगभग 26.87 लाख रुपये की अनाधिकृत निकासी की गई। यह मामला सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की मुंगेली शाखा से जुड़ा है, जहां बैंक कर्मचारी द्वारा अधिकारियों की गोपनीय आईडी का दुरुपयोग कर आंतरिक वाउचर के माध्यम से यह राशि निकाले जाने का खुलासा हुआ है। अपर कलेक्टर जीएल यादव द्वारा जारी नोटिस के बाद सामने आए इस मामले में बैंक ने गबन की गई पूरी राशि खाते में वापस जमा करा दी है और आरोपी कर्मचारी टिकेश कुमार को निलंबित कर आंतरिक जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि जिला प्रशासन इस पूरे मामले को गंभीर लापरवाही मानते हुए संतुष्ट नहीं है और दस्तावेजों की अंतिम जांच के बाद बैंक प्रबंधन सहित संबंधित दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई के संकेत दिए गए हैं।







