ChhattisgarhRegion

कोरोना काल में बंद की गई जगदलपुर-दुर्ग इंटरसिटी ट्रेन दोबारा शुरू नहीं हुई

Share


जगदलपुर। बस्तर जिला मुख्यालय से संचालित हाेने वाली जगदलपुर-दुर्ग इंटरसिटी एक्सप्रेस कोरोना काल के दौरान बंद की गई इसे लेकर बस्तरवासी कई बार मांग उठा चुके हैं, लेकिन छह वर्ष बीत जाने के बाद भी यह यात्री ट्रेन अब तक दोबारा शुरू नहीं हो सकी है। परिणामस्वरूप बस्तर से रायपुर और दुर्ग जाने के लिए लोगों के पास एनएच पर चलने वाली बसें ही एकमात्र विकल्प रह गई हैं। वहीं राजधानी से बस्तर को जोड़ने के लिए हवाई सेवा की शुरुआत जरूर की गई थी, लेकिन कुछ समय बाद उसे भी बंद कर दिया गया। हवाई सेवा के बंद होने से बस्तरवासियाें के आवागमन का एक अन्य विकल्प भी बंद हाे गया।
बस्तर को रेल सुविधाओं के नाम पर सिर्फ पांच ट्रेनें ही मिल पाई हैं, इनमें से भी जगदलपुर से किरंदुल जाने वाली यात्री ट्रेन आए दिन रद्द होती रहती है, जिससे यात्रियों की परेशानी और बढ़ जाती है। दुर्ग इंटरसिटी सेवा के बंद होने से बस्तरवासी आवागमन के लिए महंगे साधनों पर यात्रा करने के लिए मजबूर हैं। बस्तरवासियों का कहना है कि बस से रायपुर या दुर्ग जाने में 700 से 800 रुपये तक किराया देना पड़ता है, जबकि ट्रेन का किराया काफी कम होता है। ऐसे में दुर्ग इंटरसिटी का दोबारा संचालन शुरू होने से आम लोगों को बड़ी राहत मिल सकती है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि केंद्र सरकार रेलवे सुविधाओं को बेहतर करने के उद्देश्य से लगातार काम कर रही है। रेल मंत्री से इस विषय पर चर्चा भी हो चुकी है, उन्होंने भरोसा दिलाया कि दुर्ग इंटरसिटी ट्रेन बहुत जल्द जनता के लिए शुरू की जाएगी। साथ ही, जो हवाई सेवा बंद हुई है, उसे भी मार्च तक फिर से चालू करने की तैयारी है।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button