Chhattisgarh

बस्तर में बीजेपी के इन 43 नेताओं की बढ़ाई गई सुरक्षा, अमित शाह से लगाई थी गुहार

Share

रायपुर : छत्तीसगढ़ सरकार ने लोकसभा चुनाव से पहले बस्तर के 43 भाजपा नेताओं को सुरक्षा दी है। दरअसल, हाल ही में बस्तर के बीजापुर के भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीनिवास मुदलियार ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सुरक्षा की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि नक्सलियों द्वारा भाजपा नेताओं को टारगेट किया जा रहा है।

शनिवार को छत्तीसगढ़ सरकार के पुलिस विभाग की ओर से सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कांकेर, और नारायणपुर जिले के 43 नेताओं को सुरक्षा देने का आदेश जारी किया गया है। जिन नेताओं को सुरक्षा दी गई है उसमें सुकमा से भाजपा के जिलाध्यक्ष धनीराम बारसे को Y+ व सुकमा के अन्य भाजपा नेताओं को Y श्रेणी की सुरक्षा दी है।

वहीं बीजापुर भाजपा के जिलाध्यक्ष श्रीनिवास मूदलियार समेत अन्य भाजपा नेताओं को X श्रेणी की सुरक्षा दी गई है। साथ ही दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर व कांकेर के जिले के कई भाजपा नेताओं को भी X श्रेणी की सुरक्षा गई हैं।

गौरतलब है कि बीते दो सप्ताह में नक्सलियों ने बीजापुर जिले में लगातार दो भाजपा नेताओं की हत्या कर दी थी। जिसके बाद बीजापुर में भाजपा नेता नक्सलियों के खौफ में थे। वहीं चुनाव से पूर्व छत्तीसगढ़ सरकार ने बस्तर के अलग-अलग जिलों के नेताओं को सुरक्षा दे दी है।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में हुए विधानसभा चुनाव में केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा बस्तर के सुकमा, बीजापुर और दंतेवाड़ा के भाजपा नेताओं को अस्थायी सुरक्षा दी गई थी। लेकिन चुनाव के नतीजों के बाद सुरक्षा हटा ली गई। हाल में नक्सलियों ने बीजापुर में दो भाजपा नेताओं की हत्या कर दी। जिसके चलते बस्तर के भाजपा नेताओं ने सीधे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से ही सुरक्षा देने की गुहार लगा दी। इस मामले में भाजपा सरकार पर कांग्रेस ने तंज कसना भी शुरू कर दिया है। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि अपनी ही सरकार में भाजपा का नेता डरा हुआ महसूस कर रहा है।

वहीं इससे पहले नक्सलियों ने छत्तीसगढ़ में बीते वर्ष हुए विधानसभा चुनाव के दौरान भी कई भाजपा नेताओं की हत्या कर दी थी। जिसके बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज हो गई थी। भाजपा ने तत्कालीन कांग्रेस सरकार पर कई आरोप लगाए थे जिसके बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने भाजपा नेताओं को केंद्र से सीधे सुरक्षा मुहैया कराई थी। इस बार प्रदेश में भाजपा की सरकार है और लगातार भाजपा नेताओं पर नक्सलियों के हमलों के मद्देनजर प्रदेश सरकार ने 43 भाजपा के नेताओं को सुरक्षा देने का आदेश जारी किया है। पुलिस विभाग द्वारा जारी आदेश में सुकमा जिले से 6, बीजापुर जिले से 10, दंतेवाड़ा से 17, जगदलपुर से 4, कोंडागांव से 1, कांकेर से 4 व नारायणपुर जिले से 1 भाजपा नेता को सुरक्षा दी गई है।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button